महापौर के आश्वासन पर थमा ई-रिक्शा चालकों का आंदोलन, आज से सड़कों पर लौटेंगे पहिए

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पावन नगरी के प्रमोद वन मोहल्ले में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे ई-रिक्शा चालकों का प्रदर्शन सोमवार को एक बड़े घटनाक्रम के बाद समाप्त हो गया। नगर निगम के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी के प्रभावी हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद यूनियन ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है। संयुक्त प्रयास से बनी सहमति
यह आंदोलन कृष्णा फाउंडेशन और अयोध्या जी ई-रिक्शा कल्याण सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जा रहा था। ई-रिक्शा चालक अपनी रोजी-रोटी और रूट निर्धारण जैसी समस्याओं को लेकर आंदोलित थे। गतिरोध बढ़ता देख महापौर ने इसमें मध्यस्थता की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक वार्ता हुई।
कुछ मांगें मानी गईं, कुछ पर विचार जारी यूनियन के संस्थापक माधव मुकुंद त्रिपाठी ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि महापौर के आश्वासन के बाद आज से हड़ताल समाप्त की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन ने फिलहाल कुछ प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए राहत दी है। हड़ताल खत्म होने के साथ ही ई-रिक्शा का संचालन पुनः शुरू हो जाएगा। हालांकि, यह विराम पूर्ण विराम नहीं है; शेष मांगों को लेकर कानूनी और प्रशासनिक लड़ाई जारी रहेगी हमारा उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि ई-रिक्शा चालकों के हितों की रक्षा करना है। महापौर के हस्तक्षेप का हम स्वागत करते हैं, लेकिन अपनी बाकी मांगों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।माधव मुकुंद त्रिपाठी, संस्थापक, यूनियन यात्रियों को मिलेगी राहत
पिछले कई दिनों से जारी इस हड़ताल के कारण अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भारी आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। हड़ताल समाप्त होने की घोषणा से शहर की परिवहन व्यवस्था फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद है।