सूचना विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण, निदेशक सूचना ने दिलाई शपथ

लखनऊ। सूचना विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन शुक्रवार, 06 फरवरी 2026 को सूचना निदेशालय के सभागार में किया गया। समारोह में निदेशक सूचना विशाल सिंह ने संघ के नवचयनित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।इस अवसर पर निदेशक सूचना ने कहा कि सूचना विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विभाग के कार्मिक प्रदेश सरकार की नीतियों, निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग लोकतंत्र की एक सशक्त कड़ी है, जो शासन और आमजन के बीच सेतु का कार्य करता है। ऐसे में विभागीय कर्मचारियों से अपेक्षा है कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।शपथ ग्रहण समारोह में संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में कपिल कुमार सिंह को अध्यक्ष, निखिल मिश्रा और शशांक शेखर शुक्ल को उपाध्यक्ष, राज कुमार को महामंत्री, बृज मोहन पाण्डेय को संयुक्त मंत्री, शुभम चौहान को संगठन मंत्री, शिव शंकर पाण्डेय को प्रचार मंत्री, मो. सलीम अंसारी को कोषाध्यक्ष, उमेश कुमार को ऑडिटर तथा आनन्जय, राजेश कुमार भारती, पंकज यादव, प्रवीन दुबे, राशि सक्सेना और पंकज पाल को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शपथ दिलाई गई। कार्यकारिणी सदस्यों की ओर से प्रमोद कुमार और शोभा चौधरी को सलाहकार सदस्य नामित किया गया।बताया गया कि यह चुनाव निर्वाचन अधिकारी अमित यादव एवं सह निर्वाचन अधिकारी अमित शुक्ला की देखरेख में शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया गया। समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और विभागीय हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर अपर निदेशक सूचना अरविन्द कुमार मिश्र, वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, जितेन्द्र प्रताप सिंह, चन्द्र विजय वर्मा, संजय कुमार सहित सूचना विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।