महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। नया घाट स्थित प्रसिद्ध श्री करतलिया बाबा आश्रम में पूज्य गुरु महाराज की 40वीं पुण्यतिथि अपार श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर आश्रम की प्राचीन परंपराओं का निर्वाह करते हुए सेवा और भक्ति की त्रिवेणी बही, जिसमें अयोध्या के विशिष्ट साधु-संतों सहित बड़ी संख्या में गृहस्थ श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। दो दिवसीय सेवा कार्य और कंबल वितरण पुण्यतिथि महोत्सव के मुख्य आयोजन से पूर्व दो दिनों तक निरंतर सेवा प्रकल्प चलाए गए। कड़ाके की ठंड को देखते हुए आश्रम द्वारा लगातार कंबल वितरण का कार्यक्रम चलाया गया, जिसमें असहाय और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाई गई। आश्रम की इस सेवाभावी पहल को स्थानीय निवासियों और संतों ने गुरु सेवा का सर्वोत्तम स्वरूप बताया।
भक्तिमय कीर्तन और विशाल भंडारा
मुख्य दिवस पर आश्रम परिसर गुरु महाराज के जयकारों से गुंजायमान रहा। प्रातः काल से ही दिव्य कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसके पश्चात एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस विशाल भंडारे में अयोध्या के विभिन्न अखाड़ों और मंदिरों से आए साधु-संतों, विद्वानों और गृहस्थ भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम की ओर से समर्थ के अनुसार सभी आगंतुकों को दान-दक्षिणा देकर विदा किया गया। महंत योगी रामदास महाराज ने किया संतों का सत्कार इस पूरे महोत्सव के मुख्य आयोजक और करतलिया बाबा आश्रम के वर्तमान महंत योगी रामदास महाराज रहे। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी विशिष्ट संतों और भक्तों का गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया। महंत जी ने गुरु परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु महाराज द्वारा स्थापित सेवा के आदर्शों का निर्वहन करना ही हमारा परम कर्तव्य है और उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। इस गरिमामयी अवसर पर अयोध्या के कई दिग्गज साधु-संत और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं और महंत योगी रामदास महाराज के सेवा भाव की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।