प्रयागराज। माघ मेले के सेक्टर-2 स्थित एक कल्पवासी शिविर में रविवार सुबह सिलेंडर लीकेज से आग लग गई। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि, दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह लगभग 7:45 बजे सेक्टर-2 के गाटा संख्या-5 में स्थित ‘ललन जी पंडा कढ़ाही का झंडा’ के कल्पवासी शिविर में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कल्पवासी राम बहोर दुबे के शिविर में खाना बनाने की तैयारी चल रही थी, तभी रसोई गैस सिलेंडर से लीकेज शुरू हो गया। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे श्रद्धालुओं और कल्पवासियों में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही माघ मेले में तैनात दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को अन्य टेंटों में फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया। सुरक्षा घेरा बनाकर गैस सिलेंडर को तुरंत सुरक्षित स्थान पर हटाया गया, जिससे संभावित विस्फोट का खतरा टल गया।
जिस कल्पवासी शिविर में आग लगी, वहां लगभग 80 कैंप लगे थे और घटना के समय करीब 300 श्रद्धालु मौजूद थे। माघ मेले में टेंटों की सघनता और हवा की गति को देखते हुए आग के तेजी से फैलने की आशंका थी। यदि आग पर समय रहते काबू न पाया जाता, तो यह पूरे गाटा संख्या-5 को अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता था।
मेला प्रशासन ने बताया कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई है। किसी भी श्रद्धालु को गंभीर चोट नहीं आई और न ही कोई शिविर पूरी तरह से जला है। समय पर की गई कार्रवाई से सभी टेंट सुरक्षित रहे।