एआरटीओ प्रियंवदा सिंह के नेतृत्व में निकाली गई भव्य यातायात जागरूकता रैली

एआरटीओ प्रियंवदा सिंह के नेतृत्व में निकाली गई भव्य यातायात जागरूकता रैली

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद में यातायात नियमों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने हेतु एक भव्य यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) प्रियंवदा सिंह के नेतृत्व एवं निर्देशन में निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति प्रेरित करना था।

 

रैली में HR इंटर कॉलेज के एनसीसी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नगर भ्रमण करते हुए लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। रैली के दौरान नगर का वातावरण जागरूकता नारों से गूंज उठा।

एनसीसी कैडेट्स ने दिया सशक्त संदेश—जिंदगी अमूल्य है, इसे व्यर्थ न गवाएं

 

एनसीसी विद्यार्थियों द्वारा “जिंदगी अमूल्य है, व्यर्थ न गवाएं”, “यातायात नियमों का पालन करें”, “हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें” तथा “सदैव सावधानी से वाहन चलाएं” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। कैडेट्स ने बताया कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए नियमों का पालन कर ही वाहन चलाना चाहिए।

 

इस अवसर पर एआरटीओ प्रियंवदा सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की ही नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जागरूकता और सतर्कता से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से नियंत्रण पाया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित यातायात अपनाकर ही अनमोल जीवन की रक्षा की जा सकती है।