अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस महोत्सव

अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस महोत्सव

 

बस्ती ( अनुराग लक्ष्य न्यूज ) 26 जनवरी 2026 दिन सोमवार, लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम् वाल्टरगंज बस्ती में 77वाँ गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में अनेक प्रकार के राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाए गए। जिसमें छात्र-छात्राओं ने विविध प्रकार के रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं निदेशिका अपर्णा सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति बनी रही।

77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह जी के कर-कमलों से राष्ट्र-ध्वज फहराकर किया गया। तत्पश्चात राष्ट्रगान, राष्ट्रध्वज प्रणाम तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा ध्वज का अभिवादन पथ-संचलन के माध्यम से किया गया।

तत्पश्चात् सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह व निदेशिका अपर्णा सिंह जी द्वारा भारतमाता, माँ सरस्वती, महात्मा गाँधी एवं विद्यालय की संस्थापिका स्व० मधुरानी सिंह जी के चित्रानावरण, पुष्पार्चन, माल्यार्पण एवं दीपप्रज्ज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात् विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ शारदे के चरणों में भावपूर्ण ‘सरस्वती वंदना’ की सजीव प्रस्तुति प्रतिभाशाली छात्राओं के द्वारा की गई। तत्पश्चात ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा का पालन करते हुए होनहार छात्राओं द्वारा ‘स्वागत गीत’ की भावपूर्ण व जीवंत प्रस्तुति हुई।

उक्त कार्यक्रम के उपरांत माननीय प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह जी ने अपने ओजस्वी प्रेरक एवं सारगर्भित संबोधन में भारत के स्वर्णिम निर्माण में देश के युवाओं को आगे आने व सकारात्मक भूमिका निर्वहन हेतु आहवान किया। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि हमें अपने देश को प्रगति के हर क्षेत्र में विश्व का सिरमौर बनना है और अपने देश के शहीदों के सपनों को साकार करना है।

माननीया निदेशिका अपर्णा सिंह जी ने अपने उत्साहवर्धक अंदाज में सर्वप्रथम सभी को 77 वें गणतंत्र-दिवस की हार्दिक शुभकामना देते हुए कहा कि आज हम स्वतंत्र भी हैं और संप्रभु संपन्न भी, फिर भी हमारी वैश्विक चुनौतियाँ पहले से अधिक गंभीर है, आज की परिस्थिति में हमें राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय दोनों ही स्तर पर समस्याओं का सामना करना है, इसके लिए हमें अपनी सुख-सुविधाओं का त्याग कर परिश्रम, त्याग, सेवा व समर्पण का मार्ग अपनाना होगा।

तत्पश्चात् प्री-प्राइमरी के नौनिहालों के द्वारा मंत्रमुग्ध कर देने वाले नृत्य की खूबसूरत प्रस्तुति की गई। तत्पश्चात् विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती रीता मैम के द्वारा शानदार भाषण प्रस्तुत किया गाया। फिर विद्यालय के मेधावी छात्रों द्वारा बहुत ही मनमोहक व भावपूर्ण राष्ट्रगीत की मार्मिक प्रस्तुति कर वातावरण को देश-प्रेम के रंग से सराबोर कर दिया गाय। तत्पश्चात विद्यालय के हेडब्वाय आनंद दूबे ने अपने प्रासंगिक व ज्ञानवर्द्धक संबोधन से कार्यक्रम को गुरुता व उच्चता प्रदान की। तदोपरांत विद्यालय के हुनरमंद व कलाकार बच्चों ने इतना शानदार नृत्य का मंचन किया कि पूरा परिसर देश प्रेम के सागर में गोता लगाने लगा।

कार्यक्रम के समापन के अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना सिंह जी ने अपने आभार ज्ञापन में सर्व प्रथम माननीय प्रबंधक एवं निदेशिका का हार्दिक आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार के समस्त सदस्यों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके योगदान के लिए साधुवाद दिया। समस्त छात्र-पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं व शिक्षणेत्तर कर्मियों, सहयोगियों के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनकी सक्रियता व सहभागिता की सराहना की।