अयोध्या में गूंजा जयघोष यज्ञ-हवन और रामायण पाठ के साथ मनाया गया शिवपाल सिंह यादव का जन्मदिन

 

समाजवादी कुनबे ने रामनगरी में जुटाई ताकत; भंडारे के जरिए दिया सामाजिक समरसता का संदेश

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश की राजनीति के कद्दावर नेता, पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव का जन्मदिवस गुरुवार को भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। वरिष्ठ पत्रकार एवं सपा नेता बमबम यादव के संयोजन में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पार्टी के दिग्गजों और कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
वैदिक मंत्रोच्चार और अखंड रामायण से मंगलकामना कार्यक्रम की शुरुआत रामनगरी की परंपरा के अनुसार वैदिक आचार्यों द्वारा संपन्न यज्ञ एवं हवन से हुई। मंत्रोच्चार के बीच शिवपाल सिंह यादव के दीर्घायु होने और उत्तम स्वास्थ्य के लिए विशेष आहुतियां दी गईं। इसके पश्चात अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। आयोजकों ने बताया कि अयोध्या की पावन माटी से आध्यात्मिक शांति और समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार के उद्देश्य से यह धार्मिक अनुष्ठान रखा गया। समाजवाद के सशक्त स्तंभ हैं शिवपाल ललई यादव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे पूर्व मंत्री व विधायक ललई यादव ने कहा कि शिवपाल सिंह यादव समाजवादी विचारधारा के वो मजबूत स्तंभ हैं, जिन्होंने सदैव किसानों, मजदूरों और वंचितों की लड़ाई लड़ी है। विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय (पवन), आनंद सेन यादव और पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय ने भी उनके संगठनात्मक कौशल और जनसेवा की भावना की सराहना की।
भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
धार्मिक अनुष्ठान के बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें जाति-धर्म का भेद मिटाकर हजारों श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया, जो सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल बना।
इन दिग्गजों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के संयोजक बमबम यादव ने सभी का आभार जताते हुए शिवपाल सिंह यादव के जीवन को संघर्ष का प्रतीक बताया। प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट के अनुसार, इस अवसर पर लीलावती कुशवाहा, नि. जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, पंकज पांडे, हामिद जाफर मीसम, श्री चंद यादव, चौधरी बलराम यादव, अपर्णा जायसवाल, सरोज यादव, पूजा वर्मा, वीरेंद्र गौतम, महंत रमेश दास, मामा दास, सूर्यभान दास सहित भारी संख्या में नेता व समर्थक उपस्थित रहे।