अहमदाबाद गुजरात में कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे यशराज सिंह गोहिल ने आत्महत्या कर ली। यशराज की शादी 2 महीने पहले ही हुई थी। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसके बाद यशराज ने पहले पत्नी राजेश्वरी की हत्या की। फिर 108 पर कॉल करके एंबुलेंस को बुलाया। जब डॉक्टर्स ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया तो बाद यशराज ने भी आत्महत्या कर ली।
पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही हैं। घटना के बाद एनआरआई टावर के गेट बंद कर दिए गए हैं और कड़ी पुलिस सुरक्षा तैनात कर दी गई है। फ्लैट में रहने वालों के अलावा किसी को भी अंदर जाने की परमिशन नहीं है। बता दें यशराज सिंह गुजरात समुद्री बोर्ड में अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उन्हें हाल ही में क्लास 2 से क्लास 1 अधिकारी के रूप में प्रमोट किया गया था।
पुलिस के मुताबिक यशराज और राजेश्वरी बुधवार को एक रिश्तेदार के घर डिनर पर गए थे। वहां से लौटने के बाद दोनों के बीच किसी बात पर बहस हुई। बहस इतनी बढ़ी कि यशराज ने पत्नी से मारपीट की, फिर लाइसेंसी बंदूक से उसके सिर में गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि यशराज ने 108 पर कॉल करके एंबुलेंस भी बुलाई। 108 की टीम मौके पर पहुंची और जांच करने पर पता चला कि राजेश्वरी की मौत हो चुकी है। 108 के कर्मचारियों के घर से निकलते ही यशराज ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।