*उप परिवहन आयुक्त राजकुमार सिंह और एआरटीओ प्रियंवदा सिंह ने चलाया जागरूकता अभियान, हेलमेट वितरित*
जितेन्द्र पाठक
संत कबीर नगर जिले में सड़क सुरक्षा माह 2026 के दृष्टिगत बाईपास चौराहे पर गुरुवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान उप परिवहन आयुक्त राजकुमार सिंह, एआरटीओ प्रियंवदा सिंह एवं यातायात क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडे ने संयुक्त रूप से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए।
अभियान के दौरान उप परिवहन आयुक्त राजकुमार सिंह ने दोपहिया वाहन चालकों से नियमित रूप से हेलमेट पहनने की अपील की। वहीं जो चालक पहले से हेलमेट लगाकर वाहन चला रहे थे, उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
एआरटीओ प्रियंवदा सिंह ने कहा कि हमारी जान अनमोल है। जब भी दोपहिया वाहन चलाएं तो हेलमेट अवश्य पहनें और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं, क्योंकि घर पर कोई हमारा इंतजार कर रहा होता है। इसी स्लोगन के साथ हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वालों को फूल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
यातायात प्रभारी प्रियम राजशेखर पांडे ने यातायात माह 2026 के तहत लोगों से अपील करते हुए कहा कि समय बहुमूल्य है, लेकिन जीवन अमूल्य है। थोड़े से समय के लिए तेज रफ्तार में वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। उन्होंने चार पहिया वाहन चालकों एवं उसमें सवार सभी यात्रियों से सीट बेल्ट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन व ईयरफोन का प्रयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। अभियान के माध्यम से आमजन को सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।