*वैदिक परिवार ने 51 कुण्डीय यज्ञ में दीं 1.51 लाख आहूतियां*


सत्य सनातन वेद प्रचार न्यास के तत्वावधान में वैदिक परिवार लखनऊ द्वारा 51 कुण्डीय महायज्ञ और वेद कथा का आयोजन मकर संक्रान्ति के उपलक्ष्य में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मदर्स प्राइड स्कूल जानकीपुरम् के विशाल प्रांगण में समारोह पूर्वक सम्पन्न हुआ। पर्यावरण और शरीर के शुद्धिकरण, मानसिक शांति और एकाग्रता की प्राप्ति तथा नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त करने व स्वास्थ्य लाभ एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने के लिए 51 कुण्डों पर दो पालियों में 1500 यजमानों ने वैदिक मन्त्रों से एक लाख इक्यावन हजार आहूतियाँ प्रदान कीं। यज्ञ में शुद्ध घी और औषधीय हवन सामग्री का प्रयोग हुआ। यज्ञ के पश्चात् वेद कथा करते हुए न्यास के संस्थापक आचार्य विश्वव्रत शास्त्री ने वेद कथा के माध्यम से हिंदू समाज को संगठित, जागरूक और एकजुट होने का आह्वान किया, सनातन संस्कृति व मूल्यों के संरक्षण पर जोर दिया, सामाजिक सद्भाव, स्वदेशी जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण में योगदान हेतु प्रेरित किया,साथ ही जाति-पाँति जैसी बुराइयों को खत्म करने और आपसी मतभेदों को भुलाकर आगे बढ़ने का सन्देश दिया जिससे पूरे समाज में उत्साह और चेतना का संचार हुआ। श्री सर्वमित्र शास्त्री, कविता सहगल व प्रियंका शास्त्री के सुमधुर भजन हुए। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वेद और यज्ञ हमारे ऋषियों द्वारा प्रदत्त अनुपम धरोहर हैं, इनसे जुड़े रहने पर ही हमारे समाज में संस्कारों की वृद्धि होगी। आयोजन में विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक योगेश शुक्ला, सदस्य विधान परिषद श्री पवन सिंह चौहान व उमेश चंद्र द्विवेदी ने भी अपना संबोधन दिया। शांति पाठ के पश्चात् विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में मुख्य रूप से संतोष त्रिपाठी, संजीव मिश्र,अरविन्द गुप्त, बबिता श्रीवास्तव, अनुराग मिश्र, नवीन कुमार सहगल, रश्मि गुप्ता, डॉ. ताराचंद्र श्रीवास्तव, सुरेश शर्मा, देवेंद्र स्वरूप गुप्त, डॉ संजय प्रसाद गुप्त उपस्थित रहे।