लखनऊ में राष्ट्रीय युवा दिवस पर ‘समरस मैराथन’ का आयोजन, फिटनेस और सामाजिक समरसता का संदेश

 

लखनऊ,राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश देने के उद्देश्य से अभ्युदय यूथ क्लब के तत्वावधान में ‘समरस मैराथन’ का लखनऊ में सफल आयोजन किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेलेगा भारत, खिलेगा भारत की भावना को साकार करने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। समरस मैराथन युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और एकजुट समाज की दिशा में प्रेरित करती है।कार्यक्रम में स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं आईटीबीपी के जवानों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित यह पांच किलोमीटर की मैराथन दौड़ कुड़ियाघाट ग्रीन कॉरिडोर रोड से घंटाघर तक आयोजित की गई। सुबह के समय आयोजित इस दौड़ में देश के विभिन्न राज्यों से आए पुरुष और महिला धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे आयोजन में खेल भावना तथा अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।बालक वर्ग में रवि कुमार पाल ने 15 मिनट 32 सेकंड के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इस्लाम अली 16 मिनट 02 सेकंड के साथ दूसरे और राजेश सिंह 16 मिनट 09 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में शशिलता ने 18 मिनट 40 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। वर्षा सिंह ने 20 मिनट 10 सेकंड के साथ दूसरा और सृष्टि सिंह ने 20 मिनट 30 सेकंड के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।पुरस्कार वितरण के दौरान पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को क्रमशः 10 हजार, 5 हजार और 3 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त सात धावकों को 500-500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिए गए। महिला वर्ग में भी इसी प्रकार कुल दस पुरस्कार प्रदान किए गए।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। समरस मैराथन जैसे आयोजन समाज में भाईचारे, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।आयोजन को सफल बनाने में माधवेन्द्र सिंह, मनोज सिंह, अनिल वर्मा, डॉ. वीरेन्द्र कुमार और दिनेश सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके साथ ही ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की 20 यूपी एनसीसी गर्ल्स बटालियन की 50 कैडेट्स ने स्वयंसेवक के रूप में सराहनीय भूमिका निभाई। विश्वविद्यालय के कुलपति अजय तनेजा के सहयोग से एनसीसी कैडेट्स डॉ. मुकेश कुमार के निर्देशन में आयोजन स्थल पर समय से पहुंचीं। कैडेट्स के समन्वय में डॉ. बुशरा अलवेरा का भी विशेष सहयोग रहा।समरस मैराथन पूरी तरह सफल और प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ। यह केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में ऊर्जा, एकता और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देने वाला अभियान बनकर उभरा।