छत्तीसगढ़ की लेखिका नेहा वार्ष्णेय की पुस्तक ‘Healing’ का भव्य विमोचन
छत्तीसगढ़ की प्रख्यात लेखिका नेहा वार्ष्णेय (पुत्रवधू – डॉ. एच.आर. वार्ष्णेय) ने एक बार फिर अपने साहित्यिक योगदान से प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी चर्चित पुस्तक “Healing – A Journey from Pain to Power” का भव्य विमोचन भिलाई सीनियर सिटीजन एसोसिएशन द्वारा आयोजित साहित्यिक कार्यक्रम में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन सियान सदन, वैशाली नगर, भिलाई में किया गया, जहाँ वरिष्ठ साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों एवं साहित्य प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रख्यात साहित्यकार डॉ. गोविंद पाल जी रहे, जिन्होंने लेखन को समाज का दर्पण बताया।
पुस्तक विमोचन के पश्चात लेखिका नेहा वार्ष्णेय को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उनकी पुस्तक एक सच्ची कहानी पर आधारित है, जो पीड़ा से शक्ति तक के आत्मिक और मानसिक परिवर्तन की प्रेरणादायक यात्रा को दर्शाती है। उपस्थित अतिथियों ने पुस्तक को संवेदनशील, प्रेरक एवं आत्मचिंतन के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के अंत में भिलाई सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजन समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं।