लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर ने अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 के समापन के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 21 दिसंबर, 2025 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम ‘‘युवा सहकार सम्मेलन-2025 एवं कोऑपरेटिव एक्सपो-2025’’ के संबंध में प्रेसवार्ता की। इस अवसर पर मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और जलशक्ति एवं सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह उपस्थित रहेंगे।श्री राठौर ने बताया कि सहकारिता विभाग द्वारा पहली बार ‘‘कोऑपरेटिव एक्सपो-2025’’ का आयोजन भी किया जा रहा है, जो 21 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक चलेगा। एक्सपो में सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं के 70 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिसमें एफपीओ, एफपीसी, हथकरघा और लघु उद्यमों के उत्पाद जैसे हैंड एम्ब्रॉइडरी, ज्वैलरी, टेराकोटा, लकड़ी पर नक्काशी, गलीचे-दरी, जरी एवं जरी गुड्स, चमड़ा, पॉट्री एंड क्ले, आयुर्वेद, ऑर्गेनिक उत्पाद, बायोफर्टिलाइजर और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स प्रदर्शित किए जाएंगे। एक्सपो का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं के उत्पादों की लोकप्रियता और आमजन में स्वीकार्यता बढ़ाना है। इसके साथ ही प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूड स्टॉल भी होंगे।
युवा सहकार सम्मेलन-2025 में प्रदेश के सहकारी संस्थाओं के युवा पदाधिकारी, महिलाएं एवं सहकारी बंधु भाग लेंगे। सम्मेलन में सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री के कर कमलों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार, वाराणसी और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, महाराजगंज ने सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।श्री राठौर ने बताया कि वर्ष 2025 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा ‘अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष’ घोषित किया गया है, जिसका विषय ‘‘सहकारी संस्थाएं एक बेहतर दुनिया का निर्माण करती हैं’’ है। इस वर्ष के दौरान सहकारिता विभाग ने कई विकासात्मक और जनजागरण कार्यक्रम संचालित किए। इनमें ‘‘रन फॉर कोऑपरेशन मैराथन’’ का आयोजन, उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक द्वारा लाभांश वितरण, ड्रोन पायलट प्रशिक्षण योजना, एम-पैक्स सदस्यता महा अभियान-2025 और युवा उद्यमी विकास अभियान शामिल हैं।विशेष रूप से एम-पैक्स सदस्यता महा अभियान में 24 लाख नए सदस्य शामिल हुए, जिनसे 43 करोड़ रुपये का शेयर कैपिटल प्राप्त हुआ। जिला सहकारी बैंकों में 2 लाख से अधिक खाते खोलकर 550 करोड़ रुपये का डिपॉजिट एकत्र किया गया। इस अभियान ने सहकारिता के प्रति आमजन में विश्वास और उत्साह को बढ़ाया।इस अवसर पर आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता योगेश कुमार, प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक आर.के. कुलश्रेष्ठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का यह आयोजन सहकारिता आंदोलन को सशक्त बनाने, युवाओं को जोड़ने और प्रदेश में सहकारी संस्थाओं के विकास एवं नवाचारों को प्रदर्शित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।