बस्ती में दर्दनाक सड़क हादसा, बस–ट्रक की टक्कर में 4 की मौत,दर्जनों घायल

बस्ती। जनपद के हरदिया चौराहे के पास सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बस व ट्रक चालक सहित चार लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 13 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा रात लगभग 11 बजे हुआ, टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार बस संतकबीरनगर जिले के बेलहर कला गांव से अजमेर शरीफ जा रही थी। मृतकों की पहचान की जा चुकी है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। कुछ यात्री वाहनों में फंसे होने की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी स्वयं मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य में जुटे रहे। वहीं जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अस्पताल में भी घायलों से मुलाकात की। सूचना मिलने पर डीआईजी संजीव त्यागी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। घटना के बाद मंजर बेहद खतरनाक था। दोनों गाड़ियों का केबिन बुरी तरह पिचक गया था। ट्रक चालक अपनी सीट पर ही चिपक गया था। बस में आगे बैठे चालक समेत तीन लोगों की बॉडी बुरी तरह टूट चुकी थी। मरने वालों की पहचान बस्ती के रहने वाले अब्दुल्ला (60), मुख्तार अली (75), संदीप पांडेय (32) (बस चालक) और शिवराज सिंह (ट्रक चालक) के रूप में हुई है। हादसे में संतकबीरनगर की जैनब खातून और असुरन निशा, सेहरून निशा, नजमा खातून, अमरोहा की शायरा बानो (70), बस्ती की सजरून निशा, जव्वार अली (80), मो. नसीम, अख्तर अली (60) और गोरखपुर के छेदन अली (70) निवासी समेत कई लोग घायल हैं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग पर यातायात सुचारू कराया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।