प्रतापगढ़ में बढ़ी ठंड, घना कोहरा छाया: विजिबिलिटी हुई 10 मीटर से कम, ठिठुरन से बचने को ले रहे अलाव का सहारा

प्रतापगढ़ में बढ़ी ठंड, घना कोहरा छाया: विजिबिलिटी हुई 10 मीटर से कम, ठिठुरन से बचने को ले रहे अलाव का सहारा

 

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। घने कोहरे और बढ़ती ठंड के कारण जिले की सभी तहसीलों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले की सभी तहसीलों में घना कोहरा छाया हुआ है। कई इलाकों में दृश्यता 10 मीटर से भी कम दर्ज की जा रही है, जिससे सड़क पर वाहन चालकों और राहगीरों को रास्ता खोजने में दिक्कत हो रही है। कोहरे के कारण राष्ट्रीय व राज्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। जिले का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया है। सुबह और देर शाम ठिठुरन बढ़ने से लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। ठंड और कोहरे के चलते बाजारों में चहल-पहल कम देखी जा रही है, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को भी दैनिक कार्यों में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्हें फॉग लाइट का प्रयोग करने, धीमी गति से वाहन चलाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा और बढ़ सकता है, जिसके मद्देनजर सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है।