घायल युवक को चारपाई पर लेकर थाने पहुंचे परिजन: लालगंज में पुरानी रंजिश में हमला, गिरफ्तारी की मांग पर आधे घंटे हंगामा

घायल युवक को चारपाई पर लेकर थाने पहुंचे परिजन: लालगंज में पुरानी रंजिश में हमला, गिरफ्तारी की मांग पर आधे घंटे हंगामा

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

 

सांगीपुर क्षेत्र के लखनपुर सूर गांव में पुरानी रंजिश के चलते हुए हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक को परिजन चारपाई पर लादकर थाने ले आए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने थाने के सामने करीब आधे घंटे तक हंगामा किया, जिससे आवागमन भी बाधित हुआ। यह घटना रविवार शाम की है, जब मजदूरी कर लौट रहे अनंत बहादुर कोरी (28) पर हमला किया गया। इस मारपीट में अनंत बहादुर समेत कुल पांच लोग घायल हुए थे। आरोप है कि गांव के प्रदीप यादव, रामकिशुन सरोज, अनुज यादव, शनि विश्वकर्मा, असरथ, आदर्श विश्वकर्मा, मोनू सरोज, अंजली यादव तथा पांच अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला किया। हमले के दौरान जाति सूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया, जिससे अनंत को गंभीर चोटें आईं। अनंत बहादुर ने पुलिस को बताया कि जब परिवार के सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया। इस मामले में पुलिस ने आठ नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट तथा जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गंभीर रूप से घायल अनंत को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था और सीटी स्कैन के लिए प्रयागराज भेजा गया था। गुरुवार रात परिजन उसे वापस घर ले आए थे। शुक्रवार सुबह उसकी हालत फिर बिगड़ने पर परिवारजन उसे चारपाई पर उठाकर सीधे सांगीपुर थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। थाने के सामने करीब आधे घंटे तक हंगामा और जाम जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस ने हस्तक्षेप कर भीड़ को शांत कराया और घायल युवक को सांगीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। वहां से उसे दोबारा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।