मनगढ़ में 1600 से अधिक लोगों की निःशुल्क नेत्र जाँच: जगद्गुरु कृपालु चिकित्सालय में दो दिवसीय शिविर संपन्न
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
कुंडा के मनगढ़ स्थित जगद्गुरु कृपालु चिकित्सालय में 10 और 11 दिसंबर को दो दिवसीय नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कृपालु बालिका प्राइमरी स्कूल और कृपालु बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ सहित 1600 से अधिक लोगों की निःशुल्क जाँच व उपचार किया गया। कुल 1,422 छात्राएं और लगभग 200 शिक्षक व स्टाफ सदस्य शामिल हुए। शिविर में दृष्टि परीक्षण, रिफ्रैक्शन, लेंसोमेट्री और ऑटो-रिफ्रैक्टोमीटर जैसी आधुनिक जाँच सुविधाएँ उपलब्ध थीं। नेत्र चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार डाइलेटेड आई टेस्ट, दवाएँ और आई-ड्रॉप्स प्रदान किए। साथ ही, प्रतिभागियों को नेत्र सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर दृष्टि बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण जागरूकता संबंधी जानकारी भी दी गई। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपाली अग्रवाल और डॉ. नेहा त्रिवेदी ने चिकित्सालय की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मनीषा गुप्ता के मार्गदर्शन में किया। यह चिकित्सालय जगद्गुरु कृपालु परिषद् भक्तिधाम का एक प्रमुख अंग है, जो परम पूज्या सुष्री डॉ. श्यामा त्रिपाठी और परम पूज्या सुष्री डॉ. कृष्णा त्रिपाठी की प्रेरणा से संचालित होता है। जगद्गुरु कृपालु चिकित्सालय मनगढ़ एक पूर्णतः निःशुल्क अस्पताल है, जो प्रतिवर्ष लगभग 1.96 लाख रोगियों को स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराता है। इसके अतिरिक्त, कृपालु बालिका प्राइमरी स्कूल (KBPS) और कृपालु बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज (KBIC) नर्सरी से कक्षा 12 तक की बालिकाओं को पूर्णतः निःशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करते हैं। जेकेपी एजुकेशन द्वारा अब तक 60,000 से अधिक बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा दी जा चुकी है। संस्था हर वर्ष एक हजार से अधिक छात्राओं को उत्कृष्ट सुविधाएँ और आधुनिक तकनीक के साथ शिक्षा प्रदान कर रही है।