प्रतापगढ़ में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित: विभाग प्रचारक ने समाज को सशक्त करने पर जोर दिया
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के अंतू स्थित कोडरामादूपुर न्यायपंचायत के बहुचरा इंटर कॉलेज में रविवार को सकल हिन्दू समाज समिति द्वारा एक विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रतापगढ़ के विभाग प्रचारक ओम प्रकाश ने मुख्य वक्ता के रूप में हिंदू समाज को सशक्त और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महंत बृजेश गिरी, विशिष्ट अतिथि चंदीराम और अति विशिष्ट अतिथि मातृशक्ति दीक्षा सिंह उपस्थित रहीं। अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया। सम्मेलन के दौरान क्षेत्रीय कलाकारों ने भजन गायन प्रस्तुत किया और हिंदुत्व पर आधारित काव्य पाठ किया। अपने संबोधन में विभाग प्रचारक ओम प्रकाश ने कहा कि हिंदू समाज को सशक्त और सुदृढ़ बनाना आवश्यक है, ताकि विधर्मियों के षड्यंत्रों को समाप्त किया जा सके। उन्होंने हिंदू राष्ट्र, हिंदू समाज, हिंदू धर्म और हिंदू संस्कृति के बारे में समाज को जागृत करने की बात कही। ओम प्रकाश ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उद्देश्य आरंभ से ही सकल हिंदू समाज को संगठित कर भारत को भव्य भारत बनाना रहा है। इस अवसर पर संघ के जिला प्रचारक प्रवीण, खंड कार्यवाह उमेश, राजकुमार, आशीष, भूपेंद्र, सूर्यभान, राम केवल, उमंग और अनिल सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।