लखनऊ में पीएम इंटर्नशिप प्रशिक्षार्थियों के लिए विशेष रोजगार मेला आयोजित

लखनऊ प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PM Internship) के प्रशिक्षार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 06 दिसम्बर 2025 को राजकीय आई.टी.आई. अलीगंज, लखनऊ में विशेष रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।इस मेले में कुल 29 कंपनियाँ भाग लेंगी और 1500 से अधिक रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसमें पीएम इंटर्नशिप योजना के 512 प्रशिक्षार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।मंत्री  अग्रवाल ने बताया कि योगी सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर सीधे रोजगार से जोड़ने के प्रयास तेजी से कर रही है। रोजगार मेले में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, विनिर्माण, बीमा, तकनीकी सेवाएँ, मार्केटिंग, टेलीकॉम, ई-कॉमर्स तथा सुरक्षा सेवाओं जैसे क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेंगी। वे योग्य उम्मीदवारों का चयन उनके कौशल और योग्यता के अनुसार करेंगे।प्लेसमेंट प्रभारी श्री एम. ए. खान ने बताया कि मेले में शामिल कंपनियाँ विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं—प्लस टू, डिप्लोमा, बी.टेक, इंटरमीडियट, ग्रेजुएशन—के आधार पर चयन करेंगी। चयनित उम्मीदवारों को भोजन, परिवहन, यूनिफॉर्म, सुरक्षा उपकरण और आवास जैसे अतिरिक्त लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।इच्छुक अभ्यर्थी 06 दिसम्बर 2025 को अपने समस्त मूल प्रमाणपत्रों के साथ राजकीय आई.टी.आई. अलीगंज, लखनऊ में उपस्थित होकर रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेला युवाओं के लिए अपने कैरियर के लिए बेहतर अवसर और प्रशिक्षण प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।