जोन-3 में नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, अव्यवस्था पर नाराज़गी; कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी

लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार सुबह जोन-3 क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्थाओं में पाई गई गंभीर लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्थाओं को कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत पुरनिया क्रॉसिंग से हुई, जहां क्रॉसिंग के पास अवैध रूप से कूड़े का ढेर लगा मिला। नगर आयुक्त ने इस पर नाराज़गी जताते हुए जोनल सेनेटरी अधिकारी को तत्काल कूड़ा हटाने और पूरे क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि स्थल पर “यहां कूड़ा फेंकना प्रतिबंधित है” का बोर्ड लगाया जाए और कूड़ा फैलाने वालों पर चालान की कार्रवाई कड़ाई से लागू की जाए।इसके बाद वे गल्ला मंडी के सामने स्थित पड़ाव पर पहुंचे, जहां कूड़े का अत्यधिक फैलाव देखा गया। उन्होंने कार्यदायी संस्था लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) को निर्देशित किया कि कूड़ा एक ही स्थान पर एकत्रित किया जाए और पड़ाव का उचित घेराव किया जाए, ताकि कूड़ा इधर-उधर न फैले और क्षेत्र की स्वच्छता बनी रहे।फैजुल्लागंज-3 वार्ड के इंदलगंज, भरत नगर और महाराजा अग्रसेन नगर में निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ियों की वास्तविक उपस्थिति का सत्यापन किया। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि D2D गाड़ियाँ नियमित रूप से नहीं आती हैं, जिसकी वजह से लोग मजबूरन कूड़ा बाहर फेंकते हैं। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने जोनल सेनेटरी अधिकारी को पूरे वार्ड का सर्वे कराने और कूड़ा देने तथा न देने वाले घरों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि डोर-टू-डोर कलेक्शन को व्यवस्थित ढंग से लागू किया जा सके।अग्रसेन नगर में निरीक्षण के दौरान एक निजी ट्रॉली को लोगों के घरों से कूड़ा उठाते हुए पाया गया। नगर आयुक्त ने इसे नियमों का स्पष्ट उल्लंघन बताते हुए संबंधित व्यक्ति को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि उसे एलएसए संस्था के साथ समाहित किया जाए, जिससे कार्य प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और अनियमितताओं को रोका जा सके।भरत नगर में कई स्थानों पर कूड़ा सड़क पर बिखरा मिला और सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई। इस पर नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाने के आदेश दिए। वहीं, सेंट जोसफ स्कूल के पास नाले पर अस्थायी अतिक्रमण पाया गया, जिसके लिए जोनल अधिकारी को तुरंत कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त जानकीपुरम स्थित MRF सेंटर भी पहुंचे और वहां की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने सभी ब्लॉकों पर स्पष्ट साइनेज लगाने तथा लॉग बुक को नियमित रूप से अपडेट करने पर जोर दिया, ताकि कार्य संचालन में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रदीप शुक्ला, जोनल अधिकारी आकाश कुमार और जोनल सेनेटरी अधिकारी मनोज यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने साफ कहा कि शहर की स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।