रुदौली के भाजपा विधायक रामचंदर यादव ने निकाली भव्य चुनरी यात्रा

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या / रुदौली शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रुदौली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रामचंदर यादव के नेतृत्व में एक विशाल एवं भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। यह धार्मिक यात्रा हरिहरपुर वार्ड स्थित महाजा माई के स्थान से शुरू होकर सिद्धपीठ मां कामाख्या देवी मंदिर तक श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई।
इस चुनरी यात्रा में रुदौली विधानसभा क्षेत्र और संपूर्ण अयोध्या जनपद से भारी संख्या में श्रद्धालुओं और मां के भक्तों ने भाग लिया। मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक रामचंदर यादव ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने मां कामाख्या देवी से प्रार्थना की कि सभी भक्तों पर उनकी कृपा बनी रहे और समाज का कल्याण हो। विधायक ने कहा कि सिद्धपीठ मां कामाख्या देवी धाम क्षेत्र के लोगों के लिए अगाध आस्था का केंद्र है। किसी भी शुभ कार्य या अभियान की शुरुआत से पूर्व मां का आशीर्वाद लिया जाता है। इसी क्रम में, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मां कामाख्या देवी के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में पुनः प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनने और योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने की कामना की।