बस्ती। श्री राम जानकी कन्या इंटर कॉलेज, महादेवा (पगार, बस्ती) का प्रांगण मंगलवार को एक ऐतिहासिक दृश्य का साक्षी बना, जब लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर निवर्तमान विधायक रवि सोनकर के संयोजन में भव्य पद यात्रा एवं जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब ने साबित कर दिया कि आज भी सरदार पटेल के विचार जनमानस के बीच जीवित हैं।
मुख्य अतिथि अष्टभुजा प्रसाद शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एकजुट कर भारत को एक स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश उनके योगदान को नमन कर गर्व महसूस करता है। उनके व्यक्तित्व से सीख लेकर युवाओं को राष्ट्रनिर्माण में आगे आने की आवश्यकता है।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगर पंचायत बनकटी के अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लिए जा रहे ऐतिहासिक फैसलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत राष्ट्रवाद और विकास की जीत है, और यह सरदार पटेल की एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को आगे बढ़ाती है।
निवर्तमान विधायक रवि सोनकर ने कहा – “सरदार पटेल केवल एक नेता नहीं, बल्कि भारत की आत्मा थे। उन्होंने बिना हथियार के देश को एकता की डोर में पिरोने का काम किया। आज जब देश आगे बढ़ रहा है, तो हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके आदर्शों को जीवन में उतारें। आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराना हमारा कर्तव्य है। यह कार्यक्रम सिर्फ श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक संकल्प है कि भारत की एकता और अखंडता पर कोई आंच न आने दें।”
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने संगठन की मजबूती पर बोलते हुए कहा कि सरदार पटेल के सिद्धांत भाजपा के मूल में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता उनके विचारों से प्रेरित होकर जनता की सेवा कर रहा है।
मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश प्रसाद शुक्ला, साऊँघाट ब्लॉक प्रमुख अभिषेक कुमार, कुदराह ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे, सदर ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव, भानु प्रकाश मिश्रा, भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर मुन्ना, अभय पाल, श्रुति अग्रहरि, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं देश की एकता-अखंडता के संकल्प के साथ किया गया। जनसभा में यह संदेश स्पष्ट गया कि सरदार पटेल के विचार आज भी राष्ट्र को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।