एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लखनऊ में 140 पौधे लगाए गए, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने की पहल की शुरुआत

लखनऊ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जोन 8 के विद्यावती द्वितीय वार्ड स्थित सेक्टर जी की ग्रीन बेल्ट में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। उनके साथ लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और वार्ड के पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और मातृत्व के सम्मान में प्रत्येक परिवार को एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना था। पौधारोपण के दौरान मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर सुषमा खर्कवाल ने टिकोमा का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
भाजपा पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी, भाजपा नेता सौरभ सिंह ‘मोनू’, हिमांशु अंबेडकर, सुनील मिश्रा, मिशन सुरक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगाराम अंबेडकर और नगर निगम अधिकारियों ने भी अशोक का पौधा लगाकर अभियान में भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के तहत कुल 140 पौधे लगाए गए, जिनमें अशोक, टिकोमा, कनेर, आम और आंवला के पौधे शामिल थे। पौधों की नियमित देखभाल और सिंचाई की जिम्मेदारी भी तय की गई, ताकि ये पौधे विकसित होकर शहर की हरियाली को बढ़ा सकें।कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की सराहना करते हुए इसे मातृत्व सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम बताया।महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाने की दिशा में एक कदम है, बल्कि यह मातृत्व के सम्मान का प्रतीक भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भी अपने घरों, मोहल्लों और आस-पास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर इस अभियान को और आगे बढ़ाएं।
वहीं, मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा भी लगाए और उसकी देखभाल करे, तो शहर और राज्य दोनों ही पर्यावरण की दृष्टि से और अधिक सशक्त बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियान समाज में नई चेतना जगा रहे हैं और हर नागरिक को प्रकृति से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।