रीवा से अयोध्या पहुंचे श्रद्धालु — ‘रामलला के दर्शन कर धन्य हुए’

 

अयोध्या:
मध्यप्रदेश के रीवा से सैकड़ों की संख्या में भक्तों का दल रामनगरी अयोध्या पहुंचा, जहां सभी श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन कर भावविभोर हो उठे। यह विशेष यात्रा मध्यप्रदेश सरकार की पहल पर आयोजित की गई है, जिसमें सभी यात्रियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई। इस यात्रा के अध्यक्ष पूर्व नगर निगम अध्यक्ष श्री सतीश सोनी ने अयोध्या पहुंचकर भावुक होते हुए कहा —

> “यह हमारे लिए अपार सौभाग्य का क्षण है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण अनगिनत संघर्षों का परिणाम है। आज जब हम यहाँ रामलला के चरणों में उपस्थित हैं, तो यह केवल आस्था नहीं, बल्कि हमारे सनातन संस्कारों की विजय का प्रतीक है।” उन्होंने आगे कहा कि अयोध्या का विकास वास्तव में अनुकरणीय है। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या को चतुष्कोणीय रूप से विकसित कर भारत की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में पुनर्स्थापित किया है।

इस यात्रा में अध्यक्ष सतीश सोनी के साथ प्रमुख रूप से नवीन सिंह चौहान, दीपक सेन, अजय प्रजापति, बुद्ध सिंह करोसिया, अशोक गुप्ता, और एकता जौसवाल शामिल रहे। इन सभी ने रामलला के दर्शन कर देश में शांति, समृद्धि और सौहार्द की कामना की।