प्राकृतिक उपचार द्वारा चश्मे से छुटकारा संभव है-डॉ. नवीन सिंह

बस्ती ( अनुराग लक्ष्य न्यूज ) आजकल बच्चों और युवाओं में आँखों की कमजोरी आम समस्या बन गई है। लंबे समय तक टीवी, कंप्यूटर और मोबाइल का उपयोग, साथ ही फास्ट फूड का सेवन, आँखों की रोशनी कमजोर होने के मुख्य कारण माने जा रहे हैं। वरिष्ठ प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. नवीन सिंह के अनुसार, आँखों की कमजोरी दूर करने के लिए नियमित व्यायाम और कुछ प्राकृतिक उपाय बेहद प्रभावी हैं।

 

आँखों के व्यायाम:

 

डॉ. सिंह बताते हैं कि पुतलियों को दायें-बायें, ऊपर-नीचे और गोलाई में घुमाना, पास और दूर की वस्तुओं को देखते रहना तथा हथेलियों से हल्का दबाव देना आँखों के लिए फायदेमंद है। ये क्रियाएँ दिन में कम से कम एक बार नियमित रूप से करनी चाहिए।

 

ठंडे पानी से आंख धोना:

 

आँखों को दिन में 3-4 बार ठंडे पानी से धोना चाहिए। इसके लिए विशेष ‘आई वाश कप’ का उपयोग किया जा सकता है। यदि यह उपलब्ध न हो तो हाथ की अंजुलि में पानी भरकर आँखों को धोना भी लाभकारी है।

 

आँखों पर ठंडी पट्टी:

 

बहुत कमजोर आँखों के लिए रात को सोने से पहले सूती कपड़े की पट्टी को ठंडे पानी में भिगोकर आँखों पर 5-10 मिनट रखने की सलाह दी जाती है।

 

त्राटक क्रिया:

 

त्राटक, यानी किसी बिंदु पर लगातार टकटकी लगाना, आँखों की कमजोरी दूर करने और चश्मा कम करने का प्रभावी उपाय है। डॉ. सिंह के अनुसार, प्रतिदिन 1-2 बार 5 फीट दूरी पर काले बिंदु को देखकर अभ्यास करने से 1-2 माह में चश्मे का नम्बर घट सकता है।

 

पोषण और एक्यूप्रेशर:

 

विटामिन ए युक्त आहार जैसे गाजर, पालक और गाय का दूध आँखों के लिए लाभकारी हैं। इसके अलावा हथेली और पैरों के तलवों पर विशेष बिंदुओं पर दबाव (एक्यूप्रेशर) देने से आँखों की समस्याएँ कम होती हैं और चश्मे का नम्बर घटता है।