लखनऊ) रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में लखनऊ मंडल में 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छता पखवाड़ा 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन में प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ अन्य स्टेशनों पर व्यापक सफाई गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। छोटे स्टेशनों पर सफाई उपकरणों और सुरक्षात्मक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और सफाई मशीनों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है।इस अभियान के दौरान यात्रियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को कम करने हेतु यात्रियों को जानकारी दी जा रही है। लखनऊ मंडल के एनजीटी-नामित स्टेशनों पर बोतल क्रशिंग मशीनों का निरीक्षण कर उन्हें पूर्ण रूप से चालू किया गया है, जिससे प्लास्टिक कचरे का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।साथ ही सभी स्टेशनों पर प्लेटफार्मों को स्वच्छ और कूड़ा-मुक्त रखने के लिए विशेष पहल की गई है। नालियों और शौचालयों की गहन सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि यात्रियों को स्वच्छ और स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध हो। कचरे के प्रभावी प्रबंधन के लिए स्टेशनों पर अलग-अलग प्रकार के कूड़ेदानों की व्यवस्था की गई है, जिससे कचरे को जैविक और अजैविक श्रेणियों में अलग किया जा सके।इस अभियान में रेलवे कर्मचारियों, अधिकारियों और स्थानीय समुदाय ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। यह पहल न केवल स्टेशनों को स्वच्छ रखने में सहायक है, बल्कि यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। लखनऊ मंडल स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने और यात्रियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।