आस्था का महासंगम में मां कामाख्या की चुनरी यात्रा संपन्न

-राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव की उपस्थिति से बढ़ी चुनरी यात्रा की शोभा
-चुनरी यात्रा के बाद 251 कन्याओं का हुआ पूजन
रूदौली-अयोध्या(आरएनएस )। रूदौली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत माता जी की विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई।इस मौके पर हरिहरपुर वार्ड से कामाख्या धाम मन्दिर परिसर तक आस्था और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा। मा कामाख्या महोत्सव न्यास एवं भक्त परिवार के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई भव्य चुनरी यात्रा ने ऐसा अलौकिक और भव्य दृश्य प्रस्तुत किया,जिसने हर किसी के हृदय को गहराई से स्पर्श कर दिया।रूदौली विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में माता की विशाल चुनरी यात्रा सम्पन्न हुई।कार्यक्रम बतौर मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव व जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह भी माता जी की चुनरी यात्रा व कन्या पूजन में शामिल होकर जय माता दी कि जयकारे लगाई।अपर्णा यादव ने कहा यह केवल एक यात्रा नहीं थी, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और संस्कृति का वह विराट संगम था जहाँ हम भी शामिल हुए है।चुनरी यात्रा के साथ मंदिर पहुँच कर अपर्णा यादव ने दर्शन पूजन किया और जन कल्याण के लिए प्रार्थना किया।
नगर पंचायत में रविवार को ऐतिहासिक अवसर पर लगभग 300 मीटर लंबी चुनरी माँ कामाख्या को अर्पित की गई।जब यह विशाल चुनरी सैकड़ों श्रद्धालुओं के कंधों पर सजकर आगे बढ़ रही थी, तो ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो आस्था स्वयं धरती पर उतर आई हो। पूरे मार्ग में माँ के जयकारों की गूंज इतनी प्रखर थी कि वातावरण देवमय हो गया।श्रद्धालुओं की आँखों में चमक, हाथों में श्रद्धा और दिलों में माँ के प्रति अगाध भक्ति झलक रही थी।सूर्य के तपन के बावजूद श्रद्धालु भक्ति के पथ पर झूमते नजर आए।कई श्रद्धालु तो अपने बच्चों को कंधों पर बैठाकर इस भव्य दृश्य का साक्षी बना रहे थे। महिलाओं ने मंगल गीत गाए, युवाओं ने माँ के नाम के जयकारे लगाए और बुजुर्गों ने हाथ जोड़कर इस दृश्य को अपने जीवन का सबसे पावन क्षण बताया।
भक्ति और आस्था के इस महासागर में जब प्रदेश की प्रतिष्ठित हस्तियाँ भी सम्मिलित हुईं तो आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ गई।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि “माँ कामाख्या की यह चुनरी यात्रा केवल एक परंपरा नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। माँ का आशीर्वाद ही हमें समाज की सेवा करने की शक्ति देता है।” वहीं भाजपा विधायक रामचंद्र यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।उन्होंने इस आयोजन को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि “अयोध्या सदियों से आस्था की राजधानी रही है और माँ कामाख्या के इस चुनरी यात्रा यात्रा व कन्या पूजन का भव्य उत्सव ने इसे और गौरवान्वित किया है।
इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए रूदौली क्षेत्राधिकारी आशीष निगम स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे। पूरे मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रही।भीड़ के दबाव के बावजूद हर श्रद्धालु को सुरक्षित ढंग से यात्रा में शामिल होने का अवसर मिला। ट्रैफिक व्यवस्था भी इस तरह संचालित की गई कि आसपास के गांव और कस्बों से आने-जाने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भक्ति के इस पर्व में 251 कन्याओं का पूजन कर कन्या भोज का भी आयोजन किया गया। यह दृश्य भावुक कर देने वाला था, जब छोटी-छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया।मुख्य अतिथि अपर्णा यादव व विधायक रामचंद्र यादव ने कन्याओं के चरण धोए, माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारी।उसके बाद कन्याओं को ससम्मान भोजन कराया गया। कन्या भोज में आसपास के गांवों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचे आयोजन समिति ने इस अवसर पर कहा कि “कन्याओं की पूजा के बिना माँ की कृपा पूर्ण नहीं होती और यही हमारी सनातन परंपरा की महानता है।” श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी विशाल थी कि हर कोई इसे आस्था का महाकुंभ कह रहा था। हर तरफ रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजे लोग, ढोल-नगाड़ों की थाप, शंख-घंटियों की गूंज और जयकारों का शोर पूरे नगर पंचायत माँ कामाख्या धाम में यह वातावरण को किसी आध्यात्मिक मेले का रूप दे रहा था।
स्थानीय कलाकारों ने भी जगह-जगह भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक गीतों से वातावरण को और पवित्र बना दिया। इस तरह यह आयोजन केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं रहा, बल्कि यह संस्कृति, परंपरा और उत्सव का संगम बन गया।यह यात्रा केवल 300 मीटर की चुनरी तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह यात्रा हर हृदय में श्रद्धा और विश्वास की नई रोशनी जगाकर गई। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, निर्मल शर्मा,सामाजिक कार्यकर्ता आलोक चन्द्र यादव,ईओ निखलेश मिश्रा, रविकांत तिवारी,मंडल अध्यक्ष राकेश तिवारी,श्याम बाबू गुप्ता,बब्बन शुक्ला,सचिन कसौधन,अमन मिश्रा,सूरज दुबे,श्रवण दुबे,सहित हजारों लोग मौजूद रहे।