सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ की कुर्क होगी सवा करोड़ की संपत्ति
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
कुंडा। सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गुलशन यादव और सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव की परेशानी बढ़ती जा रही है। गुलशन पर एक लाख का इनाम घोषित करने के बाद अब छविनाथ पर कार्रवाई शुरू हुई है। जिला मजिस्ट्रेट ने उनकी सवा करोड़ की संपत्ति कुर्क करने का आदेश किया है। जिससे राजनीतिक गलियारे में हलचल मच गई। मानिकपुर थाना क्षेत्र के करेंटी मऊदारा गांव निवासी छविनाथ यादव सपा के जिलाध्यक्ष हैं। उनके भाई गुलशन यादव कुंडा नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन रहे और वर्तमान में सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हैं। छविनाथ के खिलाफ 53 अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने हिस्ट्रीशीट तैयार करने के साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट भी दर्ज किया है। अंतरजनपदीय अपराधी और गैंगलीडर भी घोषित किया गया है। उन्हीं मामलों को लेकर जिला मजिस्ट्रेट ने छविनाथ यादव का मकान, जिसकी कीमत एक करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है, को कुर्क करने का आदेश जारी किया है। आरोप है कि यह संपत्ति अपराधिक स्रोतों से अर्जित आय से खरीदी गई। इसके पहले छविनाथ के बड़े भाई गुलशन यादव पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। कुर्की का आदेश जारी होते ही जहां राजनीतिक गलियारे में इस मामले की चर्चा है, वहीं पुलिस संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में लग गई है। विवेचक कोतवाल अवन कुमार दीक्षित ने बताया कि प्रयागराज स्थित मकान कुर्क किया जाएगा।