मॉरीशस के प्रधानमंत्री का अयोध्या दौरा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मिला बढ़ावा

 

अयोध्या में मॉरीशस के प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन रामचंद्र गुलाम का आज अयोध्या में भव्य आगमन हुआ, जहां उनका स्वागत पारंपरिक और गरिमामय ढंग से किया गया। अयोध्या हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह यात्रा भारत और मॉरीशस के बीच गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप सिंह शाही, मेयर श्री गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, कमिश्नर राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फूंडे, एडीजी जोन सुजीत पांडेय, आईजी एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और जिला विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री राजगोपाल संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य और विप्र संजीवनी परिषद गुरुकुल के संस्थापक डॉ. अशोक कुमार पांडेय के नेतृत्व में गुरुकुल के छात्रों ने शंख ध्वनि और वेदमंत्रों का पाठ कर उनका अभिनंदन किया।
इसके अलावा, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने पुष्प वर्षा करके प्रधानमंत्री का मन मोह लिया, जिसने इस स्वागत को और भी यादगार बना दिया। मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने इस स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और अयोध्या के आध्यात्मिक महत्व की प्रशंसा की।