कजरी महोत्सव आज डीआईजी, डीएम, एसपी ने लिया कार्यक्रम तैयारियों का जायजा

बस्ती ( दैनिक अनुराग लक्ष्य ) जूनियर हाईस्कूल हर्रैया के परिसर में कजरी महोत्सव का आयोजन शुक्रवार को स्थानीय विधायक अजय सिंह द्वारा किया गया है। कार्यक्रम को लेकर डीआईजी संजीव त्यागी, डीएम रवीश गुप्ता और एसपी अभिनंदन ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए बड़े पैमाने पर रूपरेखा बनाई गई है। पुलिस-प्रशासन, सुरक्षा, यातायात व भीड़ प्रबंधन के कड़े प्रबन्ध के निर्देश दिए।।विधायक अजय सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रहेंगे। वे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास योजना का चाबी वितरण, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरण, स्वयं सहायता समूह और सरकारी योजनाओं का निरीक्षण करेंगे, साथ ही कार्यक्रम में लगाए गए विभिन्न स्टालों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। विधायक ने बताया कि कजरी महोत्सव में जाने माने कलाकारों द्वारा आल्हा, कजरी गीत, लोकगीत, सोहर और स्थानीय स्तर के विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जिसमें आल्हा सम्राट फौजदार सिंह आल्हा की प्रस्तुति देंगे। दूरदर्शन गोरखपुर की लोक गायिका सृष्टि दुबे और प्रख्यात लोकगायिका प्रतिमा यादव कजरी, लोकगीत सहित विभिन्न प्रकार की स्थानीय गीतों की प्रस्तुति देंगी।