महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अयोध्या धाम के प्रसिद्ध बावन मंदिर के महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज का जन्मदिन मंगलवार को बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बावन मंदिर परिसर में उत्सव जैसा माहौल था, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अयोध्या तीर्थ पुरोहित धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज ने अपने समर्थकों और समाज के साथ मिलकर महंत जी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। राजेश महाराज ने महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे न सिर्फ बावन मंदिर के पीठाधीश्वर हैं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं। उनका जीवन धर्म और सेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित है। इस अवसर पर भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। सभी ने महंत जी को माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और प्रसाद का भी वितरण हुआ। महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्नेह और सम्मान ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी से धर्म के मार्ग पर चलने और समाज सेवा के कार्यों में लगे रहने का आह्वान किया। भक्तों ने महंत जी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।