लखनऊ। मुख्यमंत्री पर्यटन स्थलों के विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 350 नई परियोजनाओं को कुल 35985 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य प्राचीन धार्मिक स्थलों का पर्यटन विकास करना और राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देना है।प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अयोध्या मण्डल के अंतर्गत आने वाले जनपद अम्बेडकरनगर और अमेठी के लिए कुल 05 करोड़ रूपये की 06 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। अम्बेडकरनगर के आलापुर विधानसभा क्षेत्र में संत बाबा गोविन्द साहब की तपोभूमि मठ अहिरौली का पर्यटन विकास 75 लाख रूपये की धनराशि से किया जाएगा। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के भीटी में काली मंदिर, दिलावलपुर के पर्यटन विकास के लिए भी 75 लाख रूपये स्वीकृत किए गए हैं।अमेठी जिले के लिए भी विभिन्न मंदिरों के पर्यटन विकास की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। विधानसभा जगदीशपुर के मुसाफिरखाना स्थित महावीर मंदिर के विकास के लिए 75 लाख रूपये, तिलोई विधानसभा क्षेत्र में बाबा लख्खा दास कुटी, सैदापुर, विकासखण्ड तिलोई के लिए 01 करोड़ रूपये, गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र में मुसाफिरखाना स्थित बाबा महावीर दास मंदिर के विकास के लिए 01 करोड़ रूपये तथा विलेश्वर महादेव मंदिर के विकास के लिए 75 लाख रूपये की धनराशि मंजूर की गई है।पर्यटन मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन स्थलों के विकास योजना हेतु कुल बजट में 40 हजार लाख रूपये का प्रावधान किया गया है। इसमें नई परियोजनाओं के लिए 35985 लाख रूपये और वित्तीय वर्ष 2024-25 की क्रियान्वित परियोजनाओं के लिए 28 हजार लाख रूपये रखे गए हैं।जयवीर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक मण्डल के जनपदों में स्थित प्राचीन मंदिरों का कायाकल्प कर उनके आसपास बुनियादी सुविधाएं सृजित करने का प्रयास कर रही है। प्राचीन धरोहरों को संरक्षित कर पर्यटन को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।