हरिशंकरी रोपण अभियान को सफल बनाने हेतु जिला प्रशासन , लोक भारती व सामाजिक संगठनों की बैठक सम्पन्न 

बस्ती ( दैनिक अनुराग लक्ष्य ) जिला प्रशासन , लोक भारती एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) रोपण अभियान को लेकर आयुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता बस्ती मंडल के कमिश्नर अखिलेश सिंह एवं संचालन लोक भारती के राष्ट्रीय सम्पर्क प्रमुख श्रीकृष्ण चौधरी ने किया, बैठक में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीएफओ डॉ. शिरीन, जिले के सभी उपजिलाधिकारी (SDM), सभी (BDO) तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी ,अध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 सितम्बर को जिले की सभी 1235 ग्राम पंचायतों एवं 11 नगर पंचायतों के सभी वार्डों में सामूहिक रूप से हरिशंकरी रोपण किया जाएगा।

हरिशंकरी का धार्मिक एवं सामाजिक महत्व

लोक भारती के सहसंगठन मंत्री गोपाल उपाध्याय ने हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल वृक्ष नहीं बल्कि ब्रह्मा, विष्णु और महेश का साकार स्वरूप हैं। उन्होंने बताया कि पीपल को विष्णु, बरगद को ब्रह्मा और पाकड़ को महेश का प्रतीक माना गया है। इनका संयुक्त रोपण समाज व पर्यावरण दोनों के लिए मंगलकारी है।

राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेंद्र पाल सिंह ने पीपल, बरगद और पाकड़ के वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर चर्चा करते हुए बताया कि यह वृक्ष वायु शुद्धि, छाया, औषधीय गुणों और जलवायु संरक्षण में अत्यंत उपयोगी हैं।

प्रशासन का सहयोग एवं आश्वासन

मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हरिशंकरी रोपण को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हर सम्भव सहयोग और समर्थन किया जाएगा।

बैठक में जिला स्तरीय समिति का गठन भी किया गया, जिसमें –

राजमाता आशिमा सिंह को संरक्षक,अजय कुमार चौधरी को संयोजक, कर्नल के सी मिश्रा , पुष्कर आदित्य सिंह ( अठदमा स्टेट) संतराम जी, अजीत प्रताप सिंह, सूर्यकुमार शुक्ला (व्यापार मंडल), कृष्ण कुमार पांडे (गायत्री परिवार), पतंजलि /आर्य समाज से गरुड़ ध्वज पांडे, गोपेश पाल, संजय द्विवेदी, डॉ. वी.के. वर्मा, श्रीराम जी , नंदेश्वर दत्त ओझा सहित कई सामाजिक प्रतिनिधियों को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई।

संगठनों की सहभागिता

बैठक में अधिवक्ता परिषद, पतंजलि, बालाजी सेवा मंडल, भारत विकास परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गायत्री परिवार, आर्य समाज, विश्व हिंदू परिषद, व्यापार मंडल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रोटरी क्लब, जनपद बार एसोसिएशन, प्रगतिशील प्राकृतिक किसान एफपीओ, किसान मोर्चा समेत अनेक सामाजिक संगठनों ने सक्रिय सहभागिता की।

इस प्रकार, सामाजिक और प्रशासनिक सहयोग से बस्ती जनपद में हरिशंकरी रोपण अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर आर्य समाज के ओम प्रकाश आर्य , बस्ती नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ,व्यापार मंडल से कुंदन लाल वर्मा, आनन्द राजपाल,पूर्व सभासद चुनमुन लाल , विपिन पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।