आबादी के बीच शराब की दुकान खुलने की सूचना पर दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन 

अम्बेडकर नगर / टांडा । घनी आबादी के बीच एक और शराब की दुकान खुलने की सूचना पर दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर शराब की दुकान खुलने पर रोक लगाने की माँग किया है।

मामला तहसील टांडा के थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम चक आसोपुर का है। उपजिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया है कि गांव के बाहर चल रहे ठेके का स्थानांतरण कराकर घनी आबादी क्षेत्र में लाया जा रहा है जबकि जहां दुकान लाया जा रहा है वहां पर एक विद्यालय मौजूद है एवं दुकान के ठीक सामने भगवान भोलेनाथ जी का मंदिर भी मौजूद है उक्त मंदिर पर ग्राम की तमाम महिलाएं एवं पुरुष पूजा अर्चना करते हैं,शराब की दुकान खुल जाने से विद्यालय में आने जाने वाले छात्र-छात्राओं सहित मंदिर पर पूजा अर्चना करने में भी तमाम कठिनाइयां आएंगी। ग्रामीणों की समस्या को समझते हुए उपजिलाधिकारी अरविंद त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारी से वार्ता किया और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वहां पर शराब की दुकान नहीं खुलेगी इस पर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापित किया है।