, बस्ती: जिले की जिला कारागार से सजायाफ्ता 25 कैदियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रीय जेल वाराणसी भेजा गया। यह स्थानांतरण जिला कारागार में बढ़ती भीड़, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किया गया है। । अभी 75 अन्य कैदी भी भेजे जाने हैं। कारागार प्रशासन के अनुसार, जिन कैदियों को स्थानांतरित किया गया है, वे हत्या, डकैती, बलात्कार, मादक पदार्थ तस्करी सहित गंभीर आपराधिक मामलों में दोषी पाए गए हैं और न्यायालय द्वारा उन्हें दीर्घकालिक सजा सुनाई गई है। जिला जेल में क्षमता से अधिक बंदियों के चलते प्रबंधन पर दबाव बढ़ गया था, जिसे कम करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। मार्ग में सुरक्षा को देखते हुए अलग-अलग स्थानों पर फोर्स की तैनाती की गई थी और रूट को गोपनीय रखा गया। जेल प्रशायन ने यह भी बताया गया कि जिला कारागार में अब नए बंदियों के लिए व्यवस्था बेहतर हो सकेगी और सुरक्षा प्रबंधन को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि जिला कारागार की निर्धारित क्षमता 480 है, जबकि वर्तमान में इसमें 725 बंदी निरुद्ध हैं। इससे न केवल सुरक्षा संबंधी खतरा बढ़ गया था, बल्कि स्वास्थ्य व अन्य आधारभूत सुविधाओं पर भी असर पड़ रहा था।
—
जेल प्रशासन की ओर से सजायाफ्ता कैदियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूर्ण रूप से पारदर्शी, नियमानुसार एवं सुरक्षा मानकों के मद्देनजर की गई है। वर्तमान में प्रशासनिक आधार पर कारागार में नौ कुख्यात बंदी बाहर के जनपदों से यहां पर शिफ्ट किए गए हैं।
: शिवप्रताप मिश्र, अधीक्षक जिला कारागार, बस्ती