पीएम श्री विद्यालय देवमी में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी

बस्ती (दैनिक अनुराग लक्ष्य ) पीएम श्री कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय देवमी में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई जो देवमी-बघाड़ी मार्ग से होते हुए विद्यालय परिसर में सम्पन्न हुई। रैली का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा निकाली गई झांकी रही, जिसमें भारत माता, रानी लक्ष्मीबाई, महात्मा गांधी, सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, सुभाषचंद्र बोस और डॉ. भीमराव अंबेडकर की झलक प्रस्तुत की गई।

ध्वजारोहण राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मोहम्मद इक़बाल ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम अनुपम मिश्रा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम संचालन मोहम्मद इक़बाल व बालेंद्र ने किया। इस अवसर पर प्रबंध समिति अध्यक्ष रंजना देवी, प्राथमिक शिक्षक संघ के संरक्षक रामचन्द्र शुक्ल, कमलेश्वर प्रसाद, विनोद कुमार, रजनीश कुमार पांडेय, अनुपम मिश्रा, बीना चौधरी, सुनीता यादव सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक व समिति सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जासिका एंड टीम को ‘झांसी की रानी लक्ष्मीबाई’ नाटक प्रस्तुति हेतु मोहम्मद इक़बाल ने 500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। वहीं रजनीश कुमार पांडेय ने भी बच्चों को 500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया। इस अवसर पर इक़बाल ने आज़ादी दिलाने वाले महापुरुषों का स्मरण कराया और उपस्थित छात्र-छात्राओं को पंच प्रण की शपथ दिलाई।

स्वतंत्रता दिवस के बाद विद्यालय में जन्माष्टमी का पर्व भी पूरे उत्साह से मनाया गया। प्रधानाध्यापक मोहम्मद इक़बाल ने छात्रों को बताया कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के जन्म उपलक्ष्य में मनाया जाता है। बच्चों ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व झांकी के माध्यम से कृष्ण-राधा के रूप का सजीव चित्रण किया। “नंदलाला कन्हैया उर बंसी बजैंहा” नृत्य प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया।

राधा-कृष्ण की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ‘राधे-राधे’ के जयकारे लगाए। अंत में सभी को मिष्ठान वितरित किया गया।

इस अवसर पर दुर्गा प्रसाद, मधुबन, शिवकुमारी, उपासना, अंजनी, रामबरन, निशा, अंजू, मीरा, नीला, सद्दाम समेत कई अभिभावक एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय स्टाफ द्वारा नियमित विद्यालय भेजने वाले बच्चों के अभिभावकों को सम्मानित भी किया गया। अंत में प्रधानाध्यापक मोहम्मद इक़बाल ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।