“भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंजा स्कूल कैम्पस।
सिटी समाचार डिजिटल| सदरे आलम खान
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूर्या इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण से निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा, आंखों में देश के लिए गर्व और दिलों में शहीदों के लिए सम्मान… यह नजारा देखते ही बनता था।
तिरंगा यात्रा की अगुवाई करते हुए संस्थान के चेयरमैन डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “घर-घर तिरंगा अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है। हमें उन अमर बलिदानियों को याद रखना होगा, जिन्होंने अपनी जान न्यौछावर कर आज हमें यह आजादी दी।”
प्रबंध निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने इस मौके पर कहा, “स्वतंत्रता दिवस हमें यह एहसास कराता है कि आजादी के लिए कितने वीरों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। हमें उनके सपनों का भारत बनाना है।”
यात्रा सूर्या परिसर से निकलकर शहर के प्रमुख चौराहों से होती हुई आगे बढ़ी, जहां “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष ने वातावरण को जोश और उमंग से भर दिया। छात्र-छात्राओं ने अमर शहीदों को नमन करते हुए देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रिंसिपल रविनेश श्रीवास्तव ने छात्रों को स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के जीवन और योगदान से परिचित कराते हुए कहा कि उनका जीवन हमें त्याग, साहस और सेवा की प्रेरणा देता है। उप प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी, आशुतोष पांडेय सहित कई गणमान्य लोग इस मौके पर मौजूद रहे और तिरंगा यात्रा में शामिल होकर छात्रों का उत्साह बढ़ाया।
यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ एक कार्यक्रम थी, बल्कि देश के गौरव और शहीदों के बलिदान को दिल में उतारने का संकल्प भी—जो आने वाली पीढ़ी के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा।