महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 8 जुलाई: आम आदमी पार्टी (AAP) अयोध्या के जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति के नेतृत्व में आज सदर तहसील में फैले भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ एक ज्ञापन तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह को सौंपा गया। इस ज्ञापन के ज़रिए AAP ने प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचा, जो सीधे तौर पर आम नागरिकों के अधिकारों का हनन कर रही है। जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति ने इस मौके पर कहा कि तहसील कार्यालय में भूमि संबंधी काम, जाति/आय/निवास प्रमाण पत्र, नामांतरण, विरासत और खतौनी संशोधन जैसे कामों के लिए आम जनता से खुलेआम रिश्वत मांगी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पैसे दिए कोई भी काम समय पर नहीं होता और कई कर्मचारी व दलाल मिलकर लोगों को परेशान कर रहे हैं, जिससे भ्रष्ट व्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। प्रजापति ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगाई गई और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो AAP को मजबूर होकर लोकतांत्रिक तरीके से धरना, प्रदर्शन और आंदोलन करना पड़ेगा, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस प्रदर्शन में AAP के महासचिव सुनील मौर्य, मोहित महाराज, यूके द्विवेदी, सुमित वर्मा, मोहम्मद इसराइल घोसी, गुड़िया राईन, विद्यावती वर्मा, स्वर्णिम वर्मा, मनोज यादव और शारजहा मास्टर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।