अयोध्या धाम। अयोध्या की पावन नगरी में जल पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्य करते हुए दो व्यक्तियों की जान बचाई है। ये घटनाएं अयोध्या में जल पुलिस की मुस्तैदी और सामाजिक कार्यों के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती हैं। कपड़े खरीदने पर डांटने से आहत युवती ने किया आत्महत्या का प्रयास पहली घटना में, रायगंज, थाना कोतवाली, अयोध्या की निवासी रुखसार (उम्र लगभग 24 वर्ष) ने अपने परिवार वालों द्वारा कपड़े खरीदने पर डांटे जाने से आहत होकर पुराने पुल से सरयू नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात जल पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी मशक्कत के बाद रुखसार को सकुशल नदी से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत ई-रिक्शा के माध्यम से श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। अचेत अवस्था में होने के कारण रुखसार अपना नाम-पता नहीं बता पा रही थीं। तत्काल उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार देखा गया।
इस बचाव कार्य में जल पुलिस प्रभारी रूबे प्रताप मौर्य, कांस्टेबल नित्यानन्द यादव, कांस्टेबल लालमणि, कांस्टेबल अजीत यादव, कांस्टेबल सुरेंद्र यादव, कांस्टेबल अवनीश मिश्रा, एसडीआरएफ के प्रभारी अनुराग सिंह, आरक्षी अभिषेक कुमार यादव, आरक्षी धनंजय यादव, और स्थानीय नाविक वीरू मांझी, अनिल माझी, हरिराम माझी शामिल रहे। जल पुलिस ने रुखसार के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद रात्रि में वे युवती को अपने साथ ले गए। परिवार से नाराज़ होकर अयोध्या आए संतोष तिवारी को जल पुलिस ने परिजनों से मिलवाया इसी बीच एक और घटना सामने आई, जिसमें संत कबीरनगर जिले के खमरिया पोस्ट गांधी (सागरवा) के निवासी संतोष तिवारी अपने परिवार से नाराज़ होकर अयोध्या आ गए थे। परिवार के सदस्यों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी वे नहीं मिल पा रहे थे। अयोध्या में जल पुलिस को अचानक संतोष तिवारी दिखाई पड़े। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे परिवार के सदस्यों से नाराज़ होकर अयोध्या चले आए हैं। जल पुलिस ने तत्काल उनके घर वालों को सूचित किया और संतोष तिवारी को उनके परिजनों को सौंप दिया। दोनों ही घटनाओं में जल पुलिस का विशेष सहयोग और सामाजिक कार्य अत्यंत सराहनीय रहा। स्थानीय लोगों और परिजनों ने जल पुलिस की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। अयोध्या जल पुलिस अक्सर ऐसी घटनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है, जो उनके समर्पण और जनसेवा की भावना को उजागर करता है।