शिक्षा के पथ पर अब कोई रुकावट नहीं अयोध्याधाम संस्था ने वितरित की साइकिलें, हजारों छात्रों को मिल रहा संबल

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। “शिक्षा सबका अधिकार है, और साइकिल एक जरिया है जिससे हम दूरदराज के बच्चों को स्कूल तक पहुँचाने में मदद कर सकते हैं।” यह कहना है समाजसेवी संस्था ‘अयोध्याधाम’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव का, जिनके नेतृत्व में एक बार फिर मानवता और सेवा की मिसाल पेश की गई है। ग्राम पंचायत तिहुरा माझा में आयोजित एक भव्य साइकिल वितरण समारोह में गरीब, जरूरतमंद और मेधावी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं।
इस प्रेरणादायी आयोजन में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया, जहाँ अध्यक्ष सुरेश यादव ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था अब तक हजारों बच्चों को निःशुल्क साइकिल और पठन-पाठन सामग्री प्रदान कर चुकी है, और यह प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा। साइकिल प्राप्त करने वालों में अंश, शिवा, आदर्श, सुमन मांझी और प्रियंका जैसी होनहार छात्राएं शामिल रहीं, जिनकी आँखों में शिक्षा के उज्ज्वल भविष्य की चमक साफ दिखाई दे रही थी। गौरतलब है कि अयोध्याधाम संस्था सिर्फ शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि समाज सेवा के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय है। संस्था पूर्व में कंबल वितरण, श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद व्यवस्था जैसी सेवाएं भी नियमित रूप से करती रही है। समाजसेवा के इस सतत कार्य के लिए संस्था को जिलाधिकारी अयोध्या द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। सुरेश यादव ने अंत में कहा, अगर ईश्वर ने हमें समर्थ बनाया है तो हमारा धर्म है कि हम समाज की सेवा करें। समाजसेवा ही राष्ट्रसेवा है यही हमारा संकल्प है।इस मौके पर उपस्थित विशिष्ट जनों में सोमई निषाद, नरेंद्र यादव, राम सिंह, शिवराम यादव और राजेश यादव शामिल रहे। इन सभी ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “अयोध्याधाम संस्था न सिर्फ शिक्षा बल्कि समाज सेवा के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है।