राष्ट्रीय लोकदल ने मनाई चौधरी चरण सिंह की 38वीं पुण्यतिथि, किसानों और व्यापारियों के मुद्दे उठाए

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 29 मई 2025, गुरुवार: भारत रत्न, किसान मसीहा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 38वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने अयोध्या में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। रालोद के अवध क्षेत्र अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अयोध्या में सरयू किनारे स्थित चौधरी चरण सिंह घाट और सोहावल के चौधरी चरण सिंह पम्प कैनाल रौनाही पर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। चौधरी चरण सिंह घाट अयोध्या पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य बलराम यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव संगठन राम शंकर वर्मा ने किया। बतौर अतिथि चौधरी रामसिंह पटेल ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों के मसीहा थे। उन्होंने किसानों के हितों में अनेक काम किए, जिनमें नाबार्ड बैंक की स्थापना और चकबंदी कानून जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। श्री पटेल ने राष्ट्रीय लोकदल को सच्ची किसान हितैषी पार्टी बताया और लोगों से पार्टी के सदस्यता अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक सक्रिय सदस्य बनने की अपील की।
अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष बलराम यादव ने अयोध्या के रामगुलेला मार्केट के व्यापारियों की समस्याओं को उठाते हुए बताया कि 22 मई को रालोद का एक प्रतिनिधिमंडल व्यापारियों के साथ अयोध्या के जिलाधिकारी से मिला था और उन्हें रामगुलेला मार्केट के व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया था। जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण करके समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन दिया था, जो अभी तक नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि बहुत ही जल्द उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार से मिलकर समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की जाएगी। कार्यक्रम को महानगर अध्यक्ष अरविंद सिंह महंत, क्षेत्रीय महासचिव राजेश तिवारी, सचिव नेतराम वर्मा, युवा जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा, पूर्व व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष अयोध्या हीरालाल गुप्ता, राम विलास यादव, और महिला जिला अध्यक्ष शान्ति देवी ने भी संबोधित किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हरिश्चंद्र यादव, प्रदेश सचिव युवा सुरजीत वर्मा, जिला सचिव अजीत वर्मा, राम जियावन वर्मा, करिया राम वर्मा, श्याम सिंह पटेल, अमर नाथ वर्मा, उमेश सोनकर, उमाशंकर, अभय प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार कसौधन, राजेश कुमार गुप्ता सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।