अयोध्या में निःशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार, स्वामी श्री श्रीधराचार्य जी महाराज ने दीक्षा दी

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । अयोध्या धाम के प्रतिष्ठित पीठ अशर्फी भवन में आज परम पूज्य स्वामी श्री श्रीधराचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य में एक निःशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अनेक बटुकों और ब्राह्मण बालकों को वेद शास्त्र अध्ययन की अर्हता के लिए यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया गया। पूज्य महाराज श्री ने सभी बटुकों को गायत्री मंत्र की दीक्षा प्रदान की। इस दौरान उन्होंने बटुकों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न होने पर ही ब्राह्मण ‘द्विज’ कहलाता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि वेद शास्त्र अध्ययन के लिए समय पर यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के मध्याह्न में एक वृहद भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों और बटुकों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस प्रकार का आयोजन धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने और नई पीढ़ी को वैदिक ज्ञान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।