अयोध्या में जेठ की त्रयोदशी पर सजी फूलों की दिव्य झांकी, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि के पावन अवसर पर धर्मनगरी अयोध्या में आस्था और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। इस शुभ घड़ी में विभिन्न मंदिरों में भव्य फूल बंगले की झांकियां सजाई गईं, जिन्होंने भक्तों का मन मोह लिया। परंपरा के अनुसार, फूल बंगले की झांकी का यह क्रम कनक भवन और हनुमानगढ़ी के बाद क्षीरेश्वर नाथ मंदिर से शुरू हुआ, जहां सबसे पहले मनमोहक झांकी सजाई गई। इसके बाद, सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में भी भव्य फूल बंगले की झांकी के दर्शन हुए। इन झांकियों के उपरांत, पवित्र सरयू माता की फूल बंगले की झांकी निकाली गई, जिसके साथ ही इन मनमोहक धार्मिक आयोजनों का सिलसिला संपन्न हुआ। सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में आयोजित इस विशेष अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस दौरान तीर्थ पुरोहित समाज सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडे और लड्डू गोपाल सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप पांडे सहित मंदिर के छोटे महाराज और बड़े महाराज भी मौजूद थे। सभी उपस्थित भक्तों ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया और इस धार्मिक आयोजन में अपनी श्रद्धा अर्पित की। यह दृश्य अयोध्या की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झांकी प्रस्तुत कर रहा था।