जनता की समस्याओं का हुआ समाधान, डीएम व एसपी ने की समीक्षा 

जितेन्द्र पाठक

संतकबीरनगर – थाना कोतवाली खलीलाबाद में आज थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने जनपदवासियों की विभिन्न समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

थाना समाधान दिवस के दौरान आए फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत को नजरअंदाज न किया जाए और सभी मामलों की निष्पक्षता एवं तत्परता से जांच की जाए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर संभव नहीं है, उन्हें संबंधित उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सहित समय से प्रेषित किया जाए ताकि आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जा सके।

इस अवसर पर क्षेत्र के कई नागरिक उपस्थित रहे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। थाना समाधान दिवस की यह पहल प्रशासन और जनता के बीच संवाद का एक मजबूत माध्यम बनती जा रही है।