महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । रामनगरी अयोध्या के गोला बाजार स्थित सियाराम निवास मंदिर में रविवार को श्री श्री 1008 श्री राम किशोर त्यागी जी महाराज की 13वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों से हुई, जिसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे मंदिर का वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर के महंत श्री रामदास त्यागी ने महाराज श्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर अयोध्या के कई विशिष्ट साधु-संत और महंत उपस्थित थे, जिन्होंने महाराज श्री के आध्यात्मिक जीवन, समाजसेवा और धर्मप्रसार में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। छोटी छावनी के उत्तराधिकारी महान कमलनयन दास, लक्ष्मण किलाधीश महंत पवन कुमार दास और जयसवाल मंदिर के महंत श्यामसुंदर दास सहित सैकड़ों संत-महंतों ने महाराज श्री को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। महंत श्री रामदास त्यागी ने महाराज श्री के आदर्शों और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी महाराज जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। पुण्यतिथि समारोह शांति और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ।