लक्ष्मण किला में धूमधाम से मनाया गया माता जानकी का छठी पर्व

संतों ने गाए बधाई गीत, 56 भोग लगाकर मांगी जनकल्याण की कामना

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में माता जानकी के जन्मोत्सव के उपरांत छठी पर्व की भव्य धूम देखने को मिली। आचार्य परंपरा की सिद्ध पीठ लक्ष्मण किला में माता जानकी के छठी पर्व का आयोजन श्रद्धा व उल्लास के साथ किया गया। इस मौके पर भारी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने एकत्र होकर बधाई गीतों और भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना दिया।

लक्ष्मण किला के अधिकारी सूर्य प्रकाश शरण ने बताया कि यहां प्रतिवर्ष भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के साथ-साथ माताu जानकी की छठी भी पूरे विधि-विधान से मनाई जाती है। इस अवसर पर माता को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाते हैं और परंपरागत बधाई गीत गाए जाते हैं।

इस बार भी परंपरा का निर्वहन करते हुए माता जानकी को भोग लगाकर संतों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में दूर-दूर से आए संतों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के समापन पर माता जानकी से समस्त विश्व के कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।