पाक के खिलाफ भारत एक के बाद एक ले रहा एक्शन

इस्लामाबाद  भारत सरकार ने पाकिस्तान से आने वाले सभी प्रकार के सामानों के सीधे या परोक्ष आयात पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। वाणिज्य मंत्रालय ने 2 मई को जारी एक अधिसूचना के माध्यम से विदेश व्यापार नीति (स्नञ्जक्क) 2023 में संशोधन करते हुए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
इस प्रतिबंध के दायरे में पाकिस्तान से उत्पन्न होने वाले या वहां से निर्यात किए जाने वाले सभी उत्पाद शामिल हैं, भले ही उनका आयात किसी तीसरे देश के माध्यम से किया जा रहा हो। विदेश व्यापार महानिदेशालय (ष्ठत्रस्नञ्ज) द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के हित में लिया गया है।
स्नञ्जक्क में जोड़े गए नए प्रावधान के अनुसार, पाकिस्तान से उत्पन्न या वहां से निर्यात किए गए सभी प्रकार के माल, चाहे वे स्वतंत्र रूप से आयात करने योग्य हों या किसी अन्य नियम के तहत अनुमत हों, उनका प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से आयात या ट्रांजिट तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया जाता है, जब तक कि कोई अगला आदेश जारी न किया जाए। इस प्रतिबंध में किसी भी प्रकार की छूट केवल भारत सरकार की विशेष स्वीकृति के बाद ही दी जाएगी।
यह कड़ा कदम 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उठाया गया है, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। इस हमले के बाद से ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया हुआ है।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने जहां कूटनीतिक और आर्थिक मोर्चे पर पाकिस्तान को घेरना शुरू किया है, वहीं पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहानुभूति बटोरने का प्रयास कर रहा है। भारत द्वारा सिंधु जल संधि पर पुनर्विचार और व्यापारिक प्रतिबंधों की घोषणा के बाद, पाकिस्तान ने पहले तो आक्रामक बयानबाजी की, लेकिन जब इसका असर नहीं हुआ तो उसने पश्चिमी देशों और संयुक्त राष्ट्र का रुख किया है।
भारत अब आतंकवाद का जवाब सिर्फ सैन्य तरीके से नहीं, बल्कि कूटनीतिक, आर्थिक और व्यापारिक मोर्चों पर बहुआयामी रणनीति से दे रहा है। पाकिस्तान से आयात पर पूर्ण प्रतिबंध इसी रणनीति का एक अहम हिस्सा है, जो पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर सीधा असर डालने के साथ-साथ आतंकवाद को पोषित करने वाले तंत्र पर भी दबाव बनाने का काम करेगा।