लखनऊ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा शहर में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को गोसाईंगंज और काकोरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही तीन अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि गोसाईंगंज के सुलतानपुर रोड स्थित ग्राम-मलौली में राजदेव सिंह और उनके सहयोगियों द्वारा लगभग 20 बीघा क्षेत्र में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी प्रकार गोसाईंगंज के मौजा-सराय करोराम में मनिष सिंह, प्रदीप सिंह और अन्य द्वारा करीब 15 बीघा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इन दोनों अवैध प्लाटिंग्स पर एलडीए द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान साइट पर बनी सड़क, नाली, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया।प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी रविनंदन सिंह ने बताया कि काकोरी के मोहान रोड पर ग्राम-सरोसाभरोसा में शोभित राठौर, अनिल कुमार और अन्य द्वारा लगभग 20 बीघा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति के बिना किए जा रहे इस अवैध कार्य के खिलाफ न्यायालय में वाद योजित कर ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे। इन आदेशों के अनुपालन में प्रवर्तन टीम ने प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भी सड़क, नाली, बाउंड्री वॉल आदि को ध्वस्त किया गया।