लखनऊ विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर आयोजित हेरिटेज क्विज प्रतियोगिता में टीम सेरेब्रल के विशेष यादव और शशांक कुमार सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाज़ी मारी। इस उपलब्धि के लिए उन्हें ₹10,000 की नकद राशि से पुरस्कृत किया गया। टीम ब्लैक साबत के हर्षित उपाध्याय और मृत्युंजय विक्रम सिंह को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप ₹5,000, जबकि टीम दास्तानगोई इनसाइडर के देवेश पाण्डेय और इंद्र भास्कर मिश्रा को तृतीय पुरस्कार ₹3,000 प्रदान किया गया।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के निदेशक प्रखर मिश्र ने पत्रकारिता विभाग को प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु धन्यवाद दिया और क्विज़ मास्टर कुणाल सावरकर की प्रस्तुति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश विविध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का भंडार है। हमें अपनी विरासत को जानने और संजोने की उत्सुकता होनी चाहिए। विश्व धरोहर दिवस पर इस प्रकार का आयोजन अत्यंत प्रासंगिक है।”नेशनल पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार सिंह ने भी इस पहल की सराहना की और कहा, “भारत की संस्कृति प्रकृति से गहराई से जुड़ी हुई है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग इसी संस्कृति और प्रकृति को संरक्षित कर युवाओं को जागरूक और सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है।”कार्यक्रम में रचनात्मक प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। रील मेकिंग में दिपांशु यादव को पहला, मानस गुप्ता को दूसरा और उत्कर्ष भटनागर को तीसरा पुरस्कार मिला। फोटोग्राफी श्रेणी में नमन कुशवाहा प्रथम, दमनदीप सिंह द्वितीय और प्रणव श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रहे। मेंहदी प्रतियोगिता में मेहविश कुरैशी ने प्रथम, अदिति ने द्वितीय और अभिषेक नायर ने तृतीय स्थान हासिल किया। सोलो सिंगिंग में यशस्वी श्रीवास्तव को प्रथम, योगेंद्र तिवारी को द्वितीय और शुभंकर विश्वास को तृतीय पुरस्कार मिला।उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अपने संदेश में कहा, “प्रदेश में विरासत पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। पर्यटन विभाग युवाओं को इस दिशा में जोड़कर इसे सशक्त बना रहा है। क्विज जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को न केवल ज्ञानवर्धन का अवसर देती हैं, बल्कि उन्हें राज्य की सांस्कृतिक धरोहर से भी जोड़ती हैं।”