अंबेडकरनगर। ग्राम बनियानी सम्मोपुर निवासी श्रीमती चंद्रावती देवी (पत्नी रामाज्ञा सिंह) को 15 साल बाद आखिरकार न्याय मिल गया। उनका दाखिल-खारिज का मुकदमा तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन था, जिसे जिलाधिकारी महोदय की प्रेरणा से चलाए जा रहे विशेष राजस्व वाद निस्तारण अभियान के तहत निपटाया गया। मुकदमे के निस्तारण के बाद चंद्रावती देवी भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा, “यह लड़ाई बहुत लंबी थी, लेकिन अब मुझे मेरा हक मिल गया। मैं तहसीलदार निखिलेश कुमार और प्रशासन का आभार व्यक्त करती हूं।” मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार निखिलेश कुमार ने व्यक्तिगत रुचि लेकर इस प्रकरण का शीघ्र समाधान किया। प्रशासन की तत्परता और निष्पक्ष न्याय की वजह से चंद्रावती देवी को उनका अधिकार मिल पाया। वर्तमान में राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत वर्षों से लंबित मामलों का तेजी से समाधान किया जा रहा है। वहीं, नायब तहसीलदार अंब्रेश सिंह द्वारा टांडा तहसील में वादों के त्वरित और न्यायसंगत निस्तारण की भी लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। उनके कुशल प्रशासनिक कार्यों के चलते आमजन को त्वरित न्याय मिल रहा है, जिससे वे जनता के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।